पालमपुर में 925 मतदान कर्मियों को करवाया पूर्वाभ्यास
अतिरिक्त उपायुक्त ने पालमपुर में चुनावी रिहर्सल में दिए जरूरी टिप्स
प्रतिमा राणा। पालमपुर
विधानसभा चुनाव-2022 के दृष्टिगत चौधरी सरवन कुमार कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के 925 मतदान कर्मियों का पूर्वाभ्यास करवाया गया। चुनाव कर्मियों के लिए आयोजित दूसरी रिहर्सल में अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा गंदर्भा राठौर विशेष रूप से उपस्थित रही। इस दौरान उन्होंने ईवीएम तथा वीवीपैट मशीनों की कमीशनिंग प्रक्रिया का भी जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों पर ईवीएम और वीवीपैट की कमीशनिंग कड़ी सुरक्षा में की जा रही है।
उन्होंने इस अवसर पर मतदान कर्मियों को पूर्वाभ्यास में चुनावी प्रक्रिया से संबंधित जरूरी टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि चुनावों के समय में मतदान कर्मियों की भूमिका बहुत अहम होती है और चुनावी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता से बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान कर्मियों से चुनाव विवरणिका और चुनाव आयोग के नियमों का अध्ययन कर, दिए गए निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। पूर्वाभ्यास में चुनावी अधिकारियों व कर्मचारियों को ईवीएम तथा वीवीपैट मशीन और उससे जुड़े उपकरणों के संचालन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
