कांगड़ा : लगभग पौने दो करोड़ की लागत से करवाई दो सिंचाई कूहलों की मरम्मत-काजल
फर्स्ट वर्डिक्ट । कांगड़ा
भाजपा प्रत्याशी विधायक पवन काजल ने कहा कि झूठे प्रलोभन देकर राजनीति करने के दिन अब लद गए हैं। कांगड़ा विस क्षेत्र की जनता प्रलोभनों से नहीं, बल्कि विकास के नाम पर वोट देती है। यही वजह है कि उनके राजनीतिक विरोधियों की चुनावी सभाओं में भी उनके समर्थक भरे रहते हैं। विधायक पवन काजल ग्राम पंचायत भडियाड़ा, बैदी और सनौरां में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा का नाम शिमला तक गूंजे इसके लिए उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। अब कांगड़ा विस का सम्मान पहले से ज़्यादा बढ़ जाएगा। भाजपा में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उनकी सभी मांगे मानी। यह उसी का नतीजा है कि आज कांगड़ा को अपना जल शक्ति विभाग का मंडल कार्यालय मिल गया। दर्जनों स्कूल अपग्रेड हुए। स्वास्थ्य संस्थानों का दर्जा बढ़ा।
बैदी, भडियाड़ा और सनौरां में साढ़े अठारह करोड़ की पेयजल योजना का काम अंतिम चरण में है। भडियाड़ा गांव के लिए आईटीआई भी स्वीकृत की गई है। लगभग पौने दो करोड़ रुपए की लागत से दो सिंचाई कूहलों की मरम्मत करवाई गई। मंडल भाजपा अध्यक्ष सत प्रकाश सोनी ने कहा कि कांग्रेस सहित चुनाव में उतरे प्रत्याशी अपने चुनाव प्रचार में विधायक काजल के पक्ष में हवा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये प्रत्याशी अपने लिए कम और विधायक काजल की जीत के लिए ज़्यादा मेहनत कर रहे हैं।
