शिमला में भूस्खलन से रास्ते बंद, कई गाड़िया दबी

सोमवार रात शिमला में मूसलाधार बारिश के कारण कई भूस्खलन हुए और पेड़ गिर गए हैं। शिमला के हिमलेंड, बीसीएस, महेली और अन्य इलाकों में बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुए हैं। कई जगहों पर पेड़ गिरने से कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जिन्हें हटाने का काम चल रहा है। भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कई रास्ते बंद हो गए हैं, जिससे यातायात ठप हो गया है। मंगलवार सुबह स्कूल जाने वाले छात्रों और यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बंद सड़कों को खोलने का काम तेजी से चल रहा है। राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन ने भूस्खलन से प्रभावित इलाकों में बचाव और राहत अभियान शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता जारी रहने का अनुमान लगाया है। मंगलवार को भी 6 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।