देहरा : संस्कृत भारती ने प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का किया शुभारंभ
हिमाचल प्रदेश संस्कृत भारती न्यास द्वारा दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन 10 जून से 21 जून तक हो रहा है। यह आयोजन ठाकुर राम सिंह स्मृति न्यास, टिक्कर हमीरपुर में हो रहा है। इस दौरान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्षा वन्दना योगी मुख्यातिथि रहीं। उन्होंने महिला वर्ग की तुलना दुर्गा शक्ति के साथ की। वहीं उन्होंने इस दौरान संस्कृत भाषा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संस्कृत भारती संघटन के उत्तर क्षेत्रीय संघटन मंत्री नरेन्द्र ने कहा कि संस्कृत भारती संघटन केवल भारत में ही नहीं अपितु 28 देशों में कार्य कर रहा है। भारत में अनेक ग्राम संस्कृत ग्राम हैं। हिमाचल प्रदेश की द्वितीय राजभाषा भी संस्कृत है। अत: हमें और भी उत्साह के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
प्रशिक्षण वर्ग में समग्र हिमाचल के 70 प्रशिक्षणार्थी भाग ले रहे हैं। यह सभी प्रशिक्षणार्थी जनवरी माह में आयोजित प्रथमस्तरीय प्रशिक्षण स्तर को पूर्ण करके ही यहां द्वितीय स्तर का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वर्ग के समापन के पश्चात संस्कृत भारती की योजना के अनुसार सभी जिलों में विविध गांवों में लोगों को संस्कृत भाषा सिखाएंगे। इस आवासीय प्रशिक्षण वर्ग में संस्कृत संभाषण शिबिर का प्रशिक्षण दिया जा रहा हैं। इस वर्ग में संस्कृत भारती संघटन के केन्द्र व प्रांत के विभिन्न शिक्षक सभी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता संस्कृत महाविद्यालय चकमोह के प्राचार्य आचार्य वीरेन्द्र कुमार ने की तथा कार्यक्रम का संचालन दिशान्त कुमार व अतिथि परिचय एवं स्वागत हमीरपुर जनपद के संयोजक नीरज कुमार ने किया। प्रस्तावित भाषण वर्ग के मुख्य शिक्षक केवल कुमार भी मौजूद रहे। वर्ग के वर्गाधिकारी संस्कृतभारती हिमाचल प्रान्त के प्रांत शिक्षण प्रमुख डॉ. मुकेश कुमार हैं। इस अवसर पर समाजसेवी मुंशी राम, योग के प्रति समर्पित प्रदीप योगी, अशोक व अन्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रदीप शर्मा ने सभी का धन्यवाद किया।
