धर्मशाला : कल्याड़ा स्कूल में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का हुआ शुभारंभ
पंकज सिंगटा। धर्मशाला
स्वर्ण जयंती उत्कृष्ठ विद्यालय कल्याड़ा में शनिवार को सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की एसएमसी प्रधान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विद्यालय के प्रधानाचार्य और स्थानीय ग्राम पंचायतों नागनपट्ट तथा कल्याड़ा की प्रधान भी विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित रहे। मुख्यातिथि एसएमसी प्रधान प्रोमिला ने बताया कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी अपना योगदान देना चाहिए, जिसके लिए राष्ट्रीय सेवा योजना एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती है, जिसमें स्वयंसेवी सामाजिक मूल्यों को सीखते हैं। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य ने भी स्वयंसेवकों को संबोधित किया और कहा कि स्वयंसेवकों के कार्यों का मोल नहीं लगाया जा सकता, वह अमूल्य है। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा कोविड महामारी के समय जो कार्य किया वह सराहनीय है। यह सात दिवसीय शिविर एनएसएस पीओ डेविड तथा महिला पीओ प्रियंका के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 29 लड़के और 23 लड़कियां भाग ले रहे हैं। यह शिविर 15 से 21 अक्तूबर 2022 तक चलेगा, जिसमें विद्यालय, आसपास के मंदिरों और जलस्त्रोतों आदि की सफाई की जाएगी।
