शिमला : भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मंत्रिमंडल द्वारा गठित कमेटी का किया स्वागत
शिमला ग्रामीण जिला संयोजक अंकुश जिंटा का कहना है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मंत्रिमंडल द्वारा गठित कमेटी का स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि जब से हिमाचल प्रदेश बना है तब से प्रदेश में केवल एक ही प्रदेश विश्वविद्यालय बना है जो शिमला में स्थित है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां ऐसी नहीं है कि प्रदेश के सारे विद्यार्थी अपनी पढ़ाई के लिए शिमला को तरजीह दे सकें। अगर पीजी कक्षाओं में सीटों की बात करें तो सीमित सीटें होने की वजह से भी बहुत सारे छात्र शिमला में दाखिला नहीं ले पाते हैं जिस कारण मजबूरी में छात्रों को या तो निजी विश्वविद्यालयों में भारी भरकम फीस देकर दाखिला लेना पड़ता है या फिर प्रदेश से बाहर पढ़ाई करने जाना पड़ता है। इसलिए विद्यार्थी परिषद प्रदेश सरकार से मांग करती रही की क्लस्टर विश्वविद्यालय को प्रदेश विश्वविद्यालय बनाया जाए। यदि क्लस्टर विश्वविद्यालय मंडी को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाता है तो प्रदेश में निचले क्षेत्रों के लगभग 6 जिलों के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा तथा बहुत सारे विद्यार्थी प्रदेश विश्वविद्यालय नजदीक बनने पर अपनी उच्च स्तरीय पढ़ाई का स्वप्न साकार भी कर सकेंगे। मंत्रिमंडल द्वारा चयनित कमेटी से प्रदेश के हजारों छात्रों को लाभ प्राप्त होगा और मंडी जिला में प्रदेश के दूसरे विश्वविद्यालय का निर्माण होगा।
