शिमला : राठौर पहले खुद श्वेत पत्र दें, फिर हमसे मांगें-त्रिलोक जम्वाल
शिमला : प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा है कि उपचुनावों में हार सामने देख कांग्रेस नेता अनाप-शनाप बयानबाजी में जुट गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल ने कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें राठौर ने प्रदेश सरकार से श्वेत पत्र मांगा है। उन्होंने राठौर से पूछा कि पिछले साल कोरोना संकट और लॉकडाउन के समय मास्क एवं सेनेटाइजर के नाम पर किसने फर्जी बिल बनाकर कांग्रेस हाईकमान को भेजे। उन्होंने यह भी कहा कि राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस इतनी कमजोर हो गई है कि पार्टी के नेता चुनाव लड़ने से कतरा रहे हैं। यही वजह है कि राठौर अपनी नाकामी को छिपाने और अपने पद को बचाने के लिए कुछ भी बयान दे रहे हैं।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने राठौर को कोरोना काल के दौरान जयराम सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों पर नजर दौड़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया महामारी से लड रही थी तो मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल में विकास कार्यों को रुकने नहीं दिया। आज हर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों के विकास कार्य हो रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उपचुनाव में हार सामने देख आज कांग्रेस पूरी तरह से बौखला चुकी है।जम्वाल ने कहा कि वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में ही क्लास थ्री और क्लास फोर के पदों पर बाहरी राज्यों के लोगों के प्रवेश का रास्ता साफ हुआ था। उन्होंने कहा- आज कुलदीप सिंह राठौर बाहरी राज्यों के लोगों को नौकरी देने की बात कर रहे हैं जबकि उन्हें अपनी तत्कालीन सरकार में रह चुके मंत्रियों से पूछना चाहिए कि कितने पदों पर भाई-भतीजावाद से भर्तियां की गईं। यहां तक कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक में बाहरी राज्यों के लोगों को नियुक्ति दी थी।
