शिमला : पीएम मोदी ने नहीं, यूपीए सरकार ने किया था हिमाचल को निराश-जम्वाल
प्रदेश भाजपा ने पूर्व मंत्री कौल सिंह के बयान पर पलटवार किया है। कौल सिंह ठाकुर का आरोप था कि पीएम मोदी ने प्रदेश की जनता को निराश किया है। उनके इस बयान पर करारा जवाब देते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नहीं बल्कि पूर्व की यूपीए सरकार ने हिमाचल को निराश किया। हिमाचल को नई परियोजनाएं देना तो दूर की बात है, अटल जी के समय हिमाचल के लिए जो प्रॉजेक्ट मंजूर हुए थे, उन्हें भी यूपीए सरकार ने लटका दिया था।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस दोनों की सरकारें थी और केन्द्र में यूपीए का राज था तो हिमाचल को कोई भी बड़ा प्रोजेक्ट नसीब नहीं हुआ। आज कांग्रेस के नेता औद्योगिक और आर्थिक पैकेज की बात कर रहे हैं लेकिन भूल गए कि उन्हीं की यूपीए सरकार ने हिमाचल को दिल्ली से हमेशा ठेंगा दिखाया। जब यह सब हो रहा था तो प्रदेश की कांग्रेस सरकार मौन थी। और तो और केन्द्र में जब मोदी जी की सरकार बनी थी, तब भी प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने सामंजस्य स्थापित करने के बजाय केंद्र से दूरियां बनाए रखीं।
त्रिलोक ने पूछा कि कौल सिंह ठाकुर जब सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे तो यूपीए सरकार ने हिमाचल को क्या दिया? भाजपा नेता ने कौल सिंह को अवगत करवाया कि आज अगर हिमाचल में एम्स, पीजीआई का सैटलाइट सेंटर और नए मेडिकल कॉलेज बने हैं, यह सब केन्द्र की मोदी सरकार और राज्य की जयराम सरकार के समन्वय से संभव हुआ है। हिमाचल ने केंद्र से जो भी मांगा, दिल खोलकर मिला और वह भी बहुत ज्यादा। डबल इंजन की सरकार ने कोरोना काल में भी विकास की रफ्तार कम नहीं होने दी।
