शिमला :17 फरवरी से खुलेंगे पहली से आठवीं तक के स्कूल, जिम, सिनेमा हॉल भी खुले
हिमाचल प्रदेश में पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थी 17 फरवरी से स्कूलों में आएंगे। सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। मंत्रिमंडल का यह फैसला शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन दोनों स्कूलों पर लागू होगा। एनपीएस को लेकर 2009 की अधिसूचना पर कैबिनेट ने मंजूरी दी है। न्यूनतम पेंशन 3500 से बढ़ाकर 9000 करने को मंजूरी दी है। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग की प्रस्तुति के बाद मंत्रिमंडल ने 17 फरवरी से पहली कक्षा से आठवीं तक के स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। कोविड प्रोटोकॉल के तहत सभी स्कूल खुलेंगे। इसके अलावा जिम, सिनेमा हॉल लंगर भी खोल दिए हैं। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को एक फरवरी, 2022 से रिवाइज्ड पेंशन दी जाएगी। वहीं न्यूनतम पेंशन अब 35 सौ से बढ़कर 9 हजार किया गया है। इसके अलावा ग्रेटयूटी को बढ़ाकर 20 लाख की गई है जो एनपीएस कर्मचारियों को भी मिलेगी। इससे 1785 करोड़ का बोझ प्रदेश सरकार पर पड़ेगा। बैठक में बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल ने 50 नई एम्बुलेंस खरीदने की अनुमति दी है।
