सोलन: जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की 88वीं वार्षिक बैठक सफलतापूर्वक संपन्न
बुधवार को जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की 88वीं वार्षिक आम साधारण बैठक सोलन में आयोजित की गई। यह बैठक वित्त वर्ष 2024-25 की वित्तीय स्थिति, उपलब्धियों एवं भावी रणनीतियों पर विचार-विमर्श हेतु बुलाई गई थी। बैठक में विभिन्न सहकारी समितियों के 209 प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 87वीं आम सभा में प्रस्तुत किए गए सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैंक के चेयरमैन एडवोकेट मुकेश शर्मा ने वित्त वर्ष 2024-25 के विस्तृत वित्तीय आंकड़े एवं उपलब्धियां प्रस्तुत कीं। उन्होंने बताया कि बैंक ने चालू वित्त वर्ष में सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। चेयरमैन मुकेश शर्मा ने बैंक के कुशल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स, प्रबंधन, कर्मचारियों एवं लाखों खाताधारकों का बैंक को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान हेतु आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य की रणनीति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बैंक तकनीकी सशक्तिकरण, वित्तीय समावेशन, युवा उद्यमियों को प्रोत्साहन एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में और अधिक प्रभावी कदम उठाएगा।
इस अवसर पर असिस्टेंट रजिस्ट्रार, सोलन गिरीश नड्डा, निदेशकगण योगेश भारतीय, संजीव कौशल, रोशन वर्मा, लाजकिशोर, लक्ष्मी ठाकुर, विजय ठाकुर, पीताम्बर नेगी, प्रबंध निदेशक पंकज सूद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई और सभी प्रतिनिधियों ने बैंक की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
