सोलन: बद्दी में वन रक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार, जानें किस काम के लिए मांगी थी घूस
विजिलेंस बद्दी की टीम ने नालागढ़ के पल्ली बीट में तैनात एक वन रक्षक को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी वन रक्षक की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जिसको गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार आरोपी वन रक्षक एक व्यवसायी से शिकायत के निपटारे के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। पीड़ित से बातचीत के बाद 50 हजार रुपए में मामला रफा-दफा करने पर सहमति बनी, लेकिन बार-बार रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने थाना बद्दी में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत पर डीएसपी विजिलेंस डा. प्रतिभा चौहान के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
विजिलेंस टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी विजिलेंस डॉ. प्रतिभा चौहान ने बताया कि नालागढ़ की पल्ली बीट में तैनात एक वन रक्षक को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। एसपी विजिलेंस वीरेंद्र कालिया ने मामले की पुष्टि की।
