सोलन: DAV स्कूल में हुआ इंटर क्लास स्किट कॉम्पिटिशन, बच्चों ने बढ़-चढ़ कर लिया भाग
दयानंद आदर्श विद्यालय, सोलन में मंगलवार 17 मार्च को कक्षा आठवीं एवं नौवीं के विद्यार्थियों के मध्य “नैतिक मूल्यों एवं चरित्र निर्माण का महत्व” विषय पर इंटर क्लास स्किट कॉम्पिटिशन का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा उनके व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या उषा मित्तल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। प्रतियोगिता के आयोजन विद्यालय की एक्टिविटी इंचार्ज (मिडिल क्लासेज) संगीता ठाकुर द्वारा की गई। इस प्रतियोगिता के निर्णायक गण - फूलाधर, रोमिला कंवर, सुमिति चंदेल थे। विद्यार्थियों ने अपनी सजीव और प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से अनेक प्रेरणादायक संदेश दिए। स्किट्स के द्वारा मजबूत चरित्र निर्माण, माता-पिता, दादा-दादी एवं बड़ों का सम्मान तथा बालिका शिक्षा के महत्व जैसे विषयों को बहुत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय और प्रधानाचार्या का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं दे रहा, बल्कि उन्हें एक अच्छा इंसान बनने की दिशा में भी मार्गदर्शन दे रहा है। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट अभिनय, प्रभावशाली संवाद और सशक्त संदेशों ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। प्रधानाचार्या उषा मित्तल ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं और कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अभिभावकों से विद्यालय के साथ निरंतर सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया। जूनियर श्रेणी में कक्षा 8वीं ‘बी’ की स्किट को “अत्यधिक सराहनीय” घोषित किया गया। इसका विषय “different sanskaar one lesson” था। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार अर्श को (पिता की भूमिका के लिए) तथा द्वितीय सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार वंश को (पुत्र की भूमिका के लिए) दिया गया। जबकि “सराहनीय” स्किट कक्षा 8वीं ‘ए’ की रही, जिसका विषय “A father's sacrifices” था।
सीनियर श्रेणी में “अत्यधिक सराहनीय” का पुरस्कार कक्षा 9वीं ‘ए’ को दिया गया, जिसका विषय “Break the chain,let girls study” था। द्वितीय सर्वश्रेष्ठ स्किट कक्षा 9वीं ‘सी’ की रही, जिसका विषय “Parents are not burden” था। तृतीय सर्वश्रेष्ठ स्किट का पुरस्कार कक्षा 9वीं ‘बी’ को दिया गया, जिनका विषय “old values new dreams” था। सीनियर श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेताओं के रूप में नायशा (पुत्री की भूमिका), आदित्य (पिता की भूमिका) तथा परीक्षित (दादा की भूमिका) को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में शांति और सकारात्मकता का संचार हुआ।
