ब्रेकिंग न्यूज : खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती संघ को किया सस्पेंड
खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती संघ को सस्पेंड कर दिया है। 21 दिसंबर को हुए चुनाव में भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह संघ के प्रेसिडेंट बने थे। भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव में संजय सिंह के अध्यक्ष चुने जाने से बृजभूषण के खिलाफ धरना देने वाले रेसलर नाखुश थे। ओलिंपिक मेडलिस्ट साक्षी ने कुश्ती से संन्यास ले लिया था, वहीं बजरंग पुनिया ने पद्मश्री लौटा दिया था।
दिल्ली में गुरुवार शाम को रेसलर बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगाट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान साक्षी मलिक भावुक हो गईं और कुश्ती छोड़ने का ऐलान कर दिया। उन्होंने अपने जूते उतारकर टेबल पर रख दिए और वहां से उठकर चली गईं।
संजय सिंह के अध्यक्ष बनने के बाद पहलवान बजरंग पूनिया ने 22 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोशल मीडिया के जरिए चिट्ठी लिखकर पद्मश्री अवॉर्ड लौटाने का ऐलान किया। बजरंग पूनिया ने लिखा, 'मैं अपना पद्मश्री पुरस्कार प्रधानमंत्री जी को वापस लौटा रहा हूं। कहने के लिए बस मेरा यह पत्र है।'
इस चिट्ठी में बजरंग पूनिया ने भारतीय कुश्ती संघ पर बृजभूषण के करीबी संजय सिंह की जीत का विरोध जताया। बजरंग अवॉर्ड लौटाने प्रधानमंत्री आवास पर गए थे, लेकिन अंदर जाने की परमिशन नहीं मिली तो उन्होंने अवॉर्ड वहीं फुटपाथ पर रख दिया था।