कांगड़ा:छात्र अपने उदेश्य निश्चित कर रहे प्रयासरत : मिश्रा
अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय तकीपुर में बुधवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। इसमें डॉ.अशीथ कुमार मिश्रा संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा हिमाचल प्रदेश ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित एवं सरस्वती वंदना से किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉक्टर एन एन शर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन का मुख्य अतिथि के माध्यम से विमोचन करवा कर प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० एन०एम० शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कॉलेज में वर्ष 2021-22 की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह महाविद्यालय क्षेत्रवासियों के लिए एक उम्मीद की किरण बनकर उभरा है। इस ग्रामीण क्षेत्र में इस संस्था की अत्याधिक जरूरत थी, क्योंकि इस कॉलेज ने उन छात्राओं को उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर प्रदान किया है जो शिक्षा की मुख्यधारा से कट कर उच्च शिक्षा से वंचित हो रहीं थी। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के दृष्टिगत यह संस्था खेल-कूद, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करती है। उन्होंने कहा कि अल्प काल में महाविद्यालय समस्त आधुनिक सुविधाओं के साथ हाल ही में शुरू की गई विज्ञान कक्षाओं में लैब सुविधाएं भी उपलब्ध करवा दी है। उन्होंने कहा कि यह संस्था क्षेत्र के विद्यार्थियों को घर द्वार पर उच्च शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण सहभागिता निभा रही है। इस अवसर पर प्राचार्य द्वारा स्वयं प्रायोजित पुरस्कारों को समर्पित किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि छात्र-छात्राओं को आदर्श नागरिक बनाने तथा उनके चरित्र निर्माण में अध्यायको की मुख्य भूमिका होती है। इस दौरान मुख्यातिथि ने शिक्षा, सांस्कृतिक, खेल क्षेत्र में अव्वल रहने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
