नगरोटा बगवां में युवक की संदिग्ध मौत, बाजू में लगा मिला इंजेक्शन
नगरोटा बगवां बस स्टैंड के पास कमेटी हॉल के बरामदे में पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है। युवक की पहचान कीरचंबा पंचायत के युवक सन्नी कुमार के रूप में हुई है। मौके पर युवक के बाजू से इंजेक्शन भी बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक की चिट्टे की ओवरडोज से मौत हुई है। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। सिविल अस्पताल नगरोटा बगवां में युवक के पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी की युवक की चिट्टे से मौत हुई है या कोई अन्य वजह है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
3 महीनों में दूसरी संदिग्ध मौत
बता दें कि इससे पहले भी नगरोटा बगवां में एसडीएम ऑफिस में तैनात एक युवक की मौत संदिग्ध अवस्था में हुई थी। उस समय भी युवक के बाजू से इंजेक्शन बरामद किया गया था। बाद में मृतक के घरवालों ने भी माना था कि युवक की चिट्टे से मौत हुई है और जांच की मांग की थी।
