धर्मशाला : सिस्टम काे चुस्त-दुरुस्त बनाएगी स्वाभिमान पार्टी : बलदेव राज सूद
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला
स्वाभिमान पार्टी धर्मशाला विधान सभा क्षेत्र के कोर ग्रुप की बैठक फूड प्लाजा में सम्पन्न हुई। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलदेव राज सूद तथा प्रदेश मंत्री डॉ. स्वरूप सिंह राणा तथा प्रदेश संगठन प्रभारी मदन राणा उपस्थित रहे। बैठक में धर्मशाला विधान क्षेत्र में पार्टी का संगठन चुस्त-दुरुस्त करने की योजना बनाई गई। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलदेव राज सूद ने कहा कि प्रदेश की जनता का भाजपा-कांग्रेस से मोह भंग हो गया है। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान पार्टी सत्ता का विकेंद्रीकरण करते हुए ग्राम सभाओं को सत्ता में भागीदारी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा प्रदेश की जनता कमरतोड़ मंहगाई, बेरोजगारी तथा हर क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार से त्रस्त है। प्रदेश मंत्री डॉ. स्वरूप राणा ने कहा कि पार्टी प्रदेश में तीसरे विकल्प के रूप उभर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी 2022 के चुनाव में ठीक-ठाक भूमिका निभाएगी।
हमारा कार्य 30 विधानसभा क्षेत्रों मे ठीक चल रहा है तथा अन्यों में सतत संपर्क बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राजस्व विभाग में 75 वर्षों की आजादी के वाद भी उर्दू तथा फारसी भाषा चल रही है। डॉ. स्वरूप सिंह राणा ने कहा स्वाभिमान पार्टी सता में आने पर राजस्व का समस्त कार्य हिन्दी में करेगी। बैठक में गौतम धीमान को धर्मशाला मंडल अध्यक्ष मनोनीत किया गया। बैठक में अतुल भारद्वाज एडवोकेट, समाज सेवी शरणदास शर्मा, रणवीर सिंह वर्मा व मनी कुमार ने भाग लिया।धर्मशाला की अगली बैठक मई के दूसरे सप्ताह में होगी।
