ज्वालामुखी : टिहरी में 30 वर्षीय युवक ने लगाया फंदा
उपमंडल ज्वालामुखी के तहत गांव पंचायत टिहरी में एक 30 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक युवक की पहचान अशोक कुमार पुत्र स्वर्गीय पैंचू राम के रूप में हुई है, जोकि पेशे से ट्रैक्टर चलाता था। मामले की पुष्टि एस पी देहरा संदीप धवल ने की है। उनके अनुसार युवक के पास एक नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने खुद आत्महत्या करने की बात लिखी है। हालांकि यह सब पुलिस जांच के बाद ही पूरा होगा कि उक्त लिखे हुए नोट की हैंडराइटिंग उसकी है या नहीं। इसके अलावा स्थानीय पुलिस ने मौके पर जाकर लोगों के बयान सहित फॉरेसिंक टीम बुलाकर कमरे में साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही युवक की मौत कब ओर इसके पीछे क्या कारण रहे इसका खुलासा होगा। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। शक के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
जानकारी के अनुसार अशोक कुमार अपनी ही पंचायत में एक निजी ट्रैक्टर का चालक था। मृतक अशोक कुमार की माता ब्यासां देवी के अनुसार हर दिन की तरह अशोक कुमार ट्रैक्टर खड़ा कर घर आ गया था।
उनके अनुसार रोजमर्रा की तरह बीती रात करीब सवा 8 बजे खाना खाने के बाद वह अपने नए घर में सोने के लिए आ गया। सुबह आकर उसने देखा तो उसके पैरो तले जमीन खिसक गई। उसका बेटा पंखे पर झूल रहा था। मामले की सूचना स्थानीय प्रधान की दी गई। इसके पुलिस को सूचित किया गया व आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा अमल में लाई गई।
इस मामले को लेकर मृतक की माता के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने दो लोगों को शक के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि इन लोगों पर अशोक के साथ पहले भी मारपीट करने के आरोप लगे है। जिसकी शिकायत स्थानीय थाना में भी दर्ज है। बहरहाल पुलिस ने दोनों को उठाने के बाद इनसे गहन पूछताछ शुरू कर दी है।
