देहरा : मसोट में दस दिवसीय संस्कृत सम्भाषण शिविर का आयोजन
विनायक ठाकुर। देहरा
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर बलाहर के संस्कृत-प्रचार-मंच की ओर से सोमवार को मसोट गांव स्थित शिव मंदिर बाहली तथा ग्राम सुधार सभाभवन मसोट, इन दो स्थानों पर, दस-दिवसीय संस्कृत सम्भाषण शिविरों का आयोजन किया किया गया। दोनों शिविरों का शुभारंभ शाम 5:30 बजे दीप प्रज्वालन के साथ हुआ। इस अवसर पर शिव मन्दिर बाहली (मसोट) प्रथम शिविर स्थान पर, ग्राम की पंच आशा रानी, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, वेदव्यास परिसर की ओर से वेदांत विभाग के अध्यक्ष डॉ.मञ्जुनाथ भट्ट तथा संस्कृत प्रचार मंच परिसर की ओर से डॉ.पुरुषोत्तम शर्मा, डॉ. प्रदीपशर्मा तथा शिबिर संयोजक दीक्षा संदल एवं निशा व शीतल उपस्थित रहे। इस शिविर के प्रथम दिवस में लगभग 90 महिला, पुरुष व बच्चे उपस्थित रहे। ग्राम सुधार सभाभवन, मसोट, दूसरे शिविर स्थान पर ग्राम मसोट के पंच शशांक जसवाल तथा शहीद भाग सिंह की पत्नी कौशल्या देवी उपस्थित रहीं।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर, बलाहर के निदेशक प्रो.लक्ष्मीनिवास पाण्डेय एवं संस्कृत प्रचार मंच की ओर से डॉ. प्रतिज्ञा आर्या तथा शिविर संयोजक ओंकार शर्मा व गिरीश चंद्र भट्ट शिउपस्थित रहे। इस शिविर में लगभग 60 महिला पुरुष व बच्चे उपस्थित रहे। मसोट गांव में आयोजित किए जा रहे दोनों शिविरों का उद्देश्य, परिसर के आस-पास व गांव में संस्कृत के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है। वहीं, समाज को भारत की आत्मा संस्कृत के अध्ययन के प्रति जागरूक करना है। उपस्थित अतिथियों ने मसोट के उपस्थित लोगों को संस्कृत के महत्त्व को बतलाते हुए संस्कृताध्ययन के लिए प्रेरित किया। दस दिन तक शाम 5.30-6.45 तक चलने वाले इन दोनों शिविरों में वेदब्यास परिसर के छात्र टेकचंद तथा देवांश कृष्ण शिविर शिक्षक के रूप में रहेंगे।
