ज्वालामुखी: अस्पताल परिसर में खड़ी कार लेकर रफूचक्कर हुए चोर
ज्वालामुखी में चोरों को पुलिस का भी खौफ नहीं है। ताजा मामले में शातिर चोर शुक्रवार देर रात अस्पताल परिसर में खड़ी कार लेकर रफूचक्कर हो गए। गाड़ी का मालिक देर रात तक गाड़ी को ढूंढता रहा। शनिवार सुबह थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद पुलिस ने अधे दी हट्टी में आरोपियों के साथ गाड़ी को बरामद किया। मामले की पुष्टि डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने की है। पुलिस के अनुसार थाना ज्वालामुखी में गाड़ी के मालिक श्रवण कुमार पुत्र धर्म सिंह निवासी बस्सी जंबल डाडासीबा ने शिकायत दर्ज करवाई कि देर रात वह मरीज को लेकर ऑल्टो कार में सिविल अस्पताल ज्वालामुखी आया था। वह मरीज को लेकर अस्पताल के अंदर दाखिल करवाने चला गया और जल्दी-जल्दी में चाबी कार में ही छूट गई।
थोड़ी देर बाद बाहर परिसर में खड़ी उसकी कार को चोरों ने चुरा लिया। उसने कार तलाश की, परंतु कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने श्रवण कुमार की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। ज्वालामुखी पुलिस ने दो आरोपियों को अधे दी हट्टी में कार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नवीन कुमार उर्फ विंटा निवासी अंब उछाड़ व दूसरे आरोपी की पहचान सूरज कुमार निवासी वार्ड नंबर एक ज्वालामुखी के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को देहरा कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने इन दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
