पालमपुर : थुरल कॉलेज में बनेगा इंडोर स्टेडियम-परमार
अगले सत्र से विज्ञान संकाय होगा आरंभ
प्रतिमा राणा। पालमपुर
महाराजा संसार चंद मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय थुरल में अगले शैक्षणिक सत्र से विज्ञान संकाय आरंभ किया जाएगा। यह जानकारी विधानसभा अध्यक्ष, विपिन सिंह परमार ने महाराजा संसार चंद मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय थुरल के वार्षिक समारोह में मेधावियों को पुरस्कृत करने के उपरांत अपने संबोधन में दी। उन्होंने कहा कि थुरल ग्रामीण क्षेत्र का महाविद्यालय है और छात्रों की सुविधा के लिए यहां साइंस कक्षाएं आरंभ करने की पैरवी मुख्यमंत्री के समक्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि यहां इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र आरंभ करने की अनुमति दे दी गई है। छात्रों की सुविधा के लिए महाविद्यालय में पीजीडीसीए बीसीए के कक्षाएं आरंभ कर दी गई हैं और बीबीबीए कक्षाओं को भी आरंभ किया जाएगा। परमार ने छात्रों को वार्षिक उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि थुरल महाविद्यालय छात्रों अभिभावकों और अध्यापकों की मेहनत से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 21-22 के लिए महाविद्यालय को उत्कृष्ट महाविद्यालय की श्रेणी में सम्मिलित किया गया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय को विकसित करने के लिए एक करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। इससे पहले महाराजा संसार चंद मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय थुरल के प्रधानाचार्य डॉ अनिल आज़ाद ने महाविद्यालय के वार्षिक समारोह में मुख्यातिथि का स्वागत किया और वार्षिक गतिविधियों से अवगत करवाया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष देश राज शर्मा, मंडल महामंत्री विपिन जम्वाल, ज़िला परिषद सदस्य राजेश धीमान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आंचल राणा, प्रधान थुरल वंदना कुमारी, उपप्रधान अशोक गुलेरिया, बीडीसी सदस्य सपना कटोच और डोली, स्थानीय पंचायत के उपप्रधान देश राज राणा, प्रधान साई राज धीमान, अंतरिक्ष सूद, संजय जम्वाल पीटीए अध्यक्ष सुनील गौतम, सुनील कुमार, देश राज डोगरा सहित तहसीलदार जगदीश चंज, एसडीओ राजेश चोपड़ा और बलदेव चौधरी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
