ठियोग: भारी बारिश के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा ढहने से यातायात बंद
हिमाचल प्रदेश में निरंतर हो रही भारी बारिश खूब कहर ढा रही है। उपमंडल ठियोग में डंगे गिरने और मिट्टी खिसकने से काफी नुक्सान हुआ है। भारी बारिश के कारण ठियोग-क्यारटू में सड़क का एक बड़ा हिस्सा ढहने से यातायात की आवाजाही बंद हो गई है। नेशनल हाईवे-5 की सड़क का सारा पानी ढलान के कारण इसी सड़क से होकर जाता था, जिसके चलते सड़क के किनारे लगा डंगा गिर गया और सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण सड़क बंद हो गई है, जिसके कारण यहां के स्थानीय लोगो को अधिक आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। साथ ही इस सड़क के बाधित होने से कई पंचायतों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इन पंचायतों में कई बागवान सेब का तुड़ान कर रहे हैं। सेब को मंडी तक भेजने के लिए जरुरी सेब की पैकिंग सामग्री इसी सड़क मार्ग से होकर ले जाई जाती है, लेकिन सड़क के बाधित होने के कारण यह समस्या बढ़ने वाली है। जगह के निवासियों ने विभाग से जल्द ही डंगा लगाकर सड़क को दुरुस्त करने की मांग की है।
