पालमपुर : त्रिलोक कपूर ने मां चामुंडा के दर नबाया शीश
प्रतिमा राणा। पालमपुर
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर ने नवरात्रों के शुभ अवसर पर मां चामुंडा के पूजन में शामिल होकर पूजा अर्चना की। उन्होंने कहां की मां चामुंडा के पूजन में शामिल होना उनके लिए एक स्वर्णिम पल है। उन्होंने कहा कि हिमाचल देवी देवताओं की भूमि है। देश के हर क्षेत्र से हिमाचल में लोग देवियों के दर्शन करने के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि हर हिमाचल बासी के लिए बड़े गर्व की बात है कि देवी देवता हिमाचल में बास करते हैं। उन्होंने कहा कि यज्ञ में शतचंडी, रूद्र महायज्ञ, गायत्री जाप, बटुक, गणपति, विष्णु मां चामुंडा, बीज मंत्र जाप सहित देवी भागवत परायण, रामायण, पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें जजमान राम कृष्ण, मनु सूद व मुख्य आचार्य बाल कृष्ण, आचार्य सुमिंदर, कृष्ण दिक्षित, हरीश शर्मा, बालमुकंद, शशि भूषण व संस्कृत महाविद्यालय के छात्र व आचार्य भाग ले रहे हैं। देवी कुष्मांडा का विधि-विधान से पूजन किया गया, इसमें 31 पंडित 15 सहायक यज्ञ का संचालन कर रहे हैं।
इससे पहले प्रदेश महामंत्री ने 6 अप्रैल को होने वाले भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के कार्यक्रम को लेकर की जाने वाली तैयारियां का कार्यस्थल पर जाकर जायजा लिया। उसके तुरंत बाद उन्होंने लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में बिजली विभाग के आला अधिकारियों के साथ एक रिव्यू बैठक भी की, जिसमें अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, जूनियर अभियंता तक सभी उपस्थित थे। उन्होंने बिजली विभाग के कार्य पर संतोष प्रकट करते हुए कहा कि लंबित पड़े कार्यों को भी विभाग शीघ्र निपटाने का प्रयास करें। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु भट्ट, जॉन प्रभारी साहिल नाग, जिला के महामंत्री नरेंद्र भट्ट, ग्राम केंद्र प्रमुख धर्मपाल, ओबीसी मोर्चा के मंडल के अध्यक्ष मनमोहन चौधरी, बी एल ए संजय कुमार, बूथ अध्यक्ष राजकुमार, रवि कुमार, किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष मेहर चंद सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
