ज्वालामुखी : ब्यास के तेज बहाव में फंसी एसडीएम की गाड़ी को दो युवकों ने बिना डरे निकाला
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी
उपमंडल ज्वालामुखी के अंतर्गत कालेश्वर महादेव के समीप भारी बरसात से ब्यास नदी का पानी सड़कों पर आ गया। देखते ही देखते ज्वालाजी-ब्लारडू मार्ग भी पानी से भर गया, जिसमें स्थानीय एसडीएम मनोज ठाकुर की निजी गाड़ी उक्त तेज बहाव में फंस गई। वक्त रहते एसडीएम मनोज ठाकुर उक्त गाड़ी में से निकल चुके थे, परंतु उनकी गाड़ी पानी के बीचों-बीच फंस गई। इस प्रकरण का एक पूरा वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है। खास बात तो यह है कि एसडीएम ज्वालामुखी की गाड़ी को पानी में फंसता देख उक्त स्थान पर ज्वालामुखी के तहत ग्लोड़ा पंचायत के दो जाबांज युवक एसएस चौधरी एवं अमन कुमार अपनी जान की फिक्र किए बिना पानी में उतर गए और कड़ी मशक्कत के उपरांत उक्त गाड़ी को पानी से बाहर निकाला।
गाड़ी को निकालते समय दोनों युवकों ने अपनी जान की परवाह भी नहीं कि ओर पानी में उतर गए। गाड़ी को रस्सी से बांधा गया और साथ ही एक ट्रेक्टर की मदद से उसे खींच कर किनारे पर लाया गया। युवकों का साहस देखर कर स्थानीय लोग भी उनकी मदद में जुट गए। लोगों में दोनों युवक एसएस चौधरी एवं अमन के साहस एवं हिम्मत की तारीफ पूरे ज्वालामुखी उपमंडल में हो रही है। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही फ़र्स्ट वर्डिक्ट मीडिया इस जांच में जुट गया कि किसके द्वारा यह प्रकरण किया गया। मीडिया की तफ्तीश में इन दोनों युवकों की अहम भूमिका सामने आई है। लोगों का कहना है कि इन दोनों युवक को इनकी बहादुरी के लिए सम्मानित करें।
