ऊना : राज कुमार पठानिया बने भाजपा के प्रदेश मीडिया सह संयोजक

भाजपा संगठन में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे ऊना के युवा नेता राज कुमार पठानिया को हिमाचल भाजपा ने नई जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए पठानिया को प्रदेश मीडिया सह संयोजक नियुक्त किया है। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने संगठनात्मक ढांचे को और मज़बूत बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। यह नियुक्ति पार्टी के मीडिया प्रकोष्ठ के तहत की गई है ताकि पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों एवं जनहितकारी योजनाओं को आम जनता तक बेहतर ढंग से पहुँचाया जा सके।
नियुक्ति के उपरांत राज कुमार पठानिया ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, मैं उसका सम्मान करूंगा और संगठन के मार्गदर्शन में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ मीडिया प्रकोष्ठ को और मज़बूत करने के लिए कार्य करूंगा। उन्होंने इसके लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। पार्टी द्वारा प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी मिलने के बाद राज कुमार पठानिया ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और उत्साह का क्षण है। पठानिया ने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी दी है, वे संगठन की नीतियों, योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
साथ ही राजकुमार पठानिया ने भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संगठन मंत्री सिद्धार्थन, ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है।
बता दें कि राज कुमार पठानिया पिछले कई वर्षों से भाजपा संगठन में विभिन्न दायित्व निभाते आ रहे हैं। वे लगातार पांच वर्ष तक जिला भाजपा महामंत्री रहे। इसके अलावा उन्होंने जिला मीडिया प्रभारी के साथ-साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी सक्रिय रहते हुए जिला व शहरी इकाई युवा मोर्चा के मीडिया प्रभारी का दायित्व निभाया। संगठन में लंबे समय से मीडिया प्रबंधन और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करते हुए उन्होंने अपनी पहचान बनाई है।