धर्मशाला : स्मार्ट सिटी के तहत 116 करोड़ की 19 परियोजनाओं का कार्य पूर्ण-किशन कपूर
कहा, धर्मशाला पर्यटन की दृष्टि से रखता है अहम स्थान
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला
सांसद किशन कपूर ने कहा कि धर्मशाला को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए आम जनमानस की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए ताकि विकास कार्याें को गति दी जा सके। किशन कपूर आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में स्मार्ट सिटी एडवाईजरी फोरम की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। कपूर ने कहा कि धर्मशाला में स्मार्ट सिटी के तहत 116 करोड़ की 19 परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 166 करोड़ की 27 परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि 116 करोड़ की 17 परियोजनाओं के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। उन्होंने अधिकरियों को स्मार्ट सिटी के तहत विभिन्न वार्डों में किये जा रहे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को कहा कि जिन ठेकेदारों को कार्य हेतू टेंडर दिए गए हैं और उन्होंने कार्य शुरू नहीं किए हैं, उनके विरूद्ध कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में स्मार्ट सिटी के तहत बेहतर कार्य किए जा रहे हैं तथा इसमें सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करके परियोजनाओं के उचित कार्यान्वयन के लिए कारगर कदम उठाने चाहिए, ताकि बेहतरीन स्मार्ट सिटी की परिकल्पना को साकार किया जा सके। उन्होंने जनसेवाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सेवा प्राप्त करने की प्रक्रिया को अधिक सरल, सुगम, सटीक और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं को लागू करने में आ रही अड़चनों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से लोगों के व्यापक हित में बेहतर समन्वय और पूरे समर्पण से कार्य करने का आग्रह किया। कपूर ने कहा कि धर्मशाला पर्यटन की दृष्टि से देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपनी एक अलग पहचान रखता है।
उन्होेंने कहा कि धर्मशाला राज्य के सबसे जीवंत शहर के रूप में उभरा है, जो हर साल न केवल देश बल्कि विदेशों से भी लाखों पर्यटकों को आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट इस शहर को विदेशी और घरेलू पर्यटकों के लिए अधिक सुंदर और आकर्षक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। साथ ही स्थानीय लोगों को आधुनिक नागरिक सुविधाओं के साथ-साथ रोजगार के भी अवसर भी प्रदान कर रहा है। इससे पूर्व स्मार्ट सिटी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप कुमार ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए स्मार्ट सिटी के तहत कार्यन्वित किए जा रहे विभिन्न कार्यों की प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर सरकारी तथा गैर सरकारी सदस्यों ने भी स्मार्ट सिटी के विकास के लिए अपने-अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। इस अवसर पर नगर निगम महापौर ओंकार नैहरिया, उप महापौर सर्वचंद गलोटिया, विभिन्न वार्डों के पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधिनि तथा गैर सरकारी सदस्य मौजूद थे।
