कांगड़ा : भाजपा के शासन में समाज का हर तबका तंग और दुखी: संजय दत्त
कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
मनोज कुमार। कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त ने कहा कांग्रेस हिमाचल में भाजपा के मिशन रिपीट को डिफीट कर सरकार बनाएगी। मंगलवार को भारी बारिश के बावजूद कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय दत्त ने कहा भाजपा के शासन में समाज का हर तबका तंग और दुःखी है। राजनीतिक विरोधियों को कुचलने के लिए बीजेपी सरकार केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई और परिवर्तन निदेशालय का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के सबसे बड़े पुलिस प्रवेश परीक्षा घोटाले की जांच सीबीआई से करवाने की घोषणा के एक महीने बाद भी पुलिस इस मामले को सीबीआई को नहीं सौंप रही है। ऐसा कर पुलिस के भ्रष्ट अधिकारियों को सरकार संरक्षण दे रही है। संजय ने कहा प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र का उन्होंने दौरा कर ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं साथ सीधा संवाद किया है।
पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश है। और कांग्रेस घर-घर कांग्रेस, हर घर कॉंग्रेस का नारा देकर चुनाव में जीत हासिल करेगी। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष, कांगड़ा सदर के विधायक पवन काजल की अगुवाई में कांग्रेस विधानसभा चुनाव लड़कर जीत हासिल करेगी। युवा विधायक काजल के प्रयासों से जिला कांगड़ा में पार्टी संगठित हुई है। उनकी कार्यशैली से प्रभावित होकर ही पार्टी हाई कमान ने कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी काजल को दी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मनमुटाव दूर कर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए जन जन तक केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध कर जनता को जागरूक करने का आह्वान किया। संजय दत्त ने कहा चुनावी बेला पर भाजपा के कई नेता पॉलिटिकल टूरिस्ट बनकर जिला कांगड़ा के दौरे कर रहे हैं, जबकि भाजपा के डबल इंजन सरकार के साडे 4 वर्ष पूरे होने पर इन नेताओं का योगदान प्रदेश के विकास के लिए कितना रहा जनता सब जानती है।
संजय दत्त ने कहा हिमाचल प्रदेश के लोकसभा और विधानसभा के उपचुनाव के नतीजों से जाहिर है कि प्रदेश की महिला, युवा और समाज का हर वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों से आहत है। उन्होंने कहा केंद्र सरकार अग्निपथ सेना में भर्ती योजना लागू कर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपना बूथ सबसे मजबूत योजना के आधार पर चुनाव की तैयारी में डट जाने का आह्वान किया। विधायक पवन काजल ने कहा कि डबल इंजन सरकार होने के बावजूद पिछले वर्ष बरसात से प्रदेश को हुए लगभग 1400 करोड़ रुपए के आर्थिक नुकसान के बदले केंद्र सरकार फूटी कोड़ी देने में हिमाचल को नाकाम रही है। अब बरसात दोबारा आने वाली है, ऐसे में जनता का विश्वास सरकार से उठने लगा है। काजल ने कहा लगातार बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और जिला कांगड़ा से बिकास में भेदभाव को आधार बनाकर कांग्रेस जनता से चुनाव में समर्थन मांगेगी।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल के कई दौरे कर दिए, लेकिन हिमाचल को कर्जा मुक्त करने के लिए कोई आर्थिक पैकेज नहीं, बल्कि जुमले ही सुनने को मिले हैं। उन्होंने जिला के बीजेपी नेताओं से जिला के बिकास में भेदभाव और आईटी पार्क का निर्माण ना कराने पर खुली बहस की चुनौती दी। काजल ने कहा बीजेपी सरकार ने कांगड़ा में कोई नया सरकारी कार्यालय या प्रोजेक्ट तो शुरू नहीं किया, उल्टा पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के कार्यालयों को मंडी शिफ्ट कर जिला की अनदेखी की है। जिसका ज़वाब जिला की जनता विधानसभा चुनाव मे देगी। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय महाजन, प्रदेश कांग्रेस सचिव देवेंद्र जग्गी, केवल सिंह पठानिया,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोहर लाल, सहित सहित बूथ के प्रभारी उपस्थित रहे।
