कांगड़ा : बेरोजगार वर्ग का भाजपा सरकार से उठने लगा विश्वास-काजल
मनाेज कुमार। कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष विधायक पवन काजल ने प्रदेश सरकार से पुलिस पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है। काजल ने हैरानी जताई कि प्रदेश सरकार घटना के दो सप्ताह बाद भी इस मामले में कथित तौर पर संलिप्त किसी भी अधिकारी या पुलिस के कर्मचारी को गिरफ्तार करने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा पुलिस पेपर देने वाले छात्रों को गिरफ्तार कर जांच में महज औपचारिकता निभा रही है, जबकि उच्च पदों पर बैठे अधिकारी अपने कारनामों को छिपाने में व्यस्त हैं। काजल ने कहा हिमाचल सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने में पूर्णता नाकाम रही है और जो भर्ती परीक्षाएं करवाई जा रही है, उन पर अंगुलियां उठने से बेरोजगार वर्ग का भाजपा सरकार से विश्वास उठने लगा है।
काजल ने कहा भाजपा की डबल इंजन सरकार महंगाई पर भी लगाम कसने में नाकाम रही है। आए दिन बढ़ रहे पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सिलेंडर और खाद्य पदार्थों के दामों से रसोई का सारा बजट गड़बड़ा गया है। उन्होंने कहा पूर्व कांग्रेस सरकार ने जिला कांगड़ा के बगल में बेरोजगारों को रोजगार मुहैया करवाने के लिए 12 करोड़ रुपए और आईटी पार्क के लिए भूमि स्वीकृत की है, लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार अपने साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में आईटी पार्क का निर्माण करवाने में नाकाम रही है।
कांग्रेस सत्ता में आने पर आईटी पार्क का निर्माण प्राथमिकता पर करवाएगी। काजल शनिवार को ग्राम पंचायत जमानाबाद कोटक्वाला में चिन्मय युवा क्लब कोटकवाला द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे उन्होंने युवा क्लब को अपनी तरफ से 21 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी जारी की। इस मौके पर नरेश कुमार, रवि कुमार, सोनू कुमार, सुरजीत कुमार, विट्टू, बवला, सुनील कूमार व विजय कुमार भी उपस्थित रहे।
