पालमपुर : स्वयं भी मतदान करें और लोगों को भी प्रेरित करें-कुलपति
मतदान करना सभी का कर्तव्य : डॉ निपुण जिंदल
प्रतिमा राणा। पालमपुर
चौधरी सरवन कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के सभागार में मतदाता जागरूकता अभियान के कार्यक्रम का आयोजन किया गया और उपस्थित मतदाताओं को मतदान की शपथ दिलाई गई। ज़िला निर्वाचन अधिकारी धर्मशाला के सौजन्य से मतदाताओं को जागरूक करने और मतदान के लिए प्रेरित करने के लिये भाषण और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि कुलपति डॉ. एचके चौधरी, कार्यक्रम की अध्यक्षता ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल ने की। अतिरिक्त उपायुक्त गंधारवा राठौर, एसडीएम पालमपुर डॉ अमित गुलेरिया, एसडीएम धीरा डॉ आशीष शर्मा, रजिस्ट्रार संदीप सूद, तहसीलदार सार्थक शर्मा सहित विश्विद्यालय और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की नाट्य इकाई धर्मशाला के कलाकारों ने गीत संगीत के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। चौधरी सरवन कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कुलपति ने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान का कार्यक्रम में आकर अच्छा लगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज के लोग मतदान में शामिल नहीं ही रहे यह अचंभित करने वाला है। उन्होंने कहा कि हमे किनौर के कल्पा निवासी देश के पहले वोटर 105 वर्षीय श्याम शरण नेगी से प्रेरणा लेनी चाहिए, जो इस बार 34वीं बार मतदान में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम से हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि हम भी मतदान करेंगे और दस लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर ज़िलाधीश कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सशक्त लोकतंत्र और अपने देश के लिए मतदान करना है। उन्होंने कहा कि मताधिकार हम सभी का कर्तव्य हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह हम अपने अधिकारों की बात करते हैं लेकिन कर्तव्यों को भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त सरकार के लिये मतदान करना हमारा कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि कम मतदान प्रतिशत चिंता का विषय है। उन्होंने लोगों से 12 नवंबर को घर से निकल कर सभी से मतदान करने की अपील की। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम पालमपुर डॉ. अमित गुलेरिया ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और सभी की सहभागीता सुनिश्चित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम को उत्सव के रूप में आयोजित किया जाता है।
