हमीरपुर : कांग्रेस विधायक ने जनता के किए 10 दिन 10 गारंटी के वादे कहां गए?- भाजपा
मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर
10 दिन 10 गारंटी के वादे जो सुजानपुर विधायक ने सुजानपुर की जनता से किए थे, कहां गए वे वायदे और झूठ की सीमा तो इतनी लांग दी है। सुजानपुर विधायक के द्वारा किए गए वायदे भी गायब हो गए और आजकल विधायक भी गायब हैं। 10 दिन की अवधि भी समाप्त हो गई है। यह बात सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे भाजपा प्रत्याशी कैप्टन रंजीत राणा मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सुजानपुर विधायक और उनके बेटे पर तंज कसते हुए कही। भाजपा नेताओं ने विधायक और उनके बेटे पर चुटकी लेते हुए कहा कि दोनों विधानसभा क्षेत्र से गायब हैं, लेकिन जब चुनाव प्रचार करना था, तब बड़े-बड़े वादे इन्होंने यहां की जनता के साथ किए 10 दिन में कर्मचारियों को ओपीएस देने के नाम पर और महिलाओं को 1500 प्रति महीना देने के नाम पर वोट लिए महिलाओं के झूठे फार्म भरवाए झूठ बोल कर अपने पक्ष में मतदान करवाने के बाद अब यह जोड़ी विधानसभा क्षेत्र से गायब है।
कहां गायब हैं और क्यों गायब हैं। यह बात भी किसी से छिपी नहीं है और यह भी सबको पता है कि अब उनकी इस कांग्रेस सरकार में दाल गलने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि बड़ी हैरानी की बात है कि सजानपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक की कांग्रेस मंडली सुखविंदर सिंह सुक्खू के मुख्यमंत्री बनने से पूरी तरह नाखुश दिख रही है, जबकि सुजानपुर में सुखविंदर सिंह सुक्खू की टीम उनके मुख्यमंत्री बनने पर जमकर खुशियां मना रही हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि बड़े-बड़े होर्डिंग्स में अब विधायक की फोटो गायब हो चुकी है। मतलब साफ है कि अब विधायक की सुजानपुर को लेकर राजनीति सिमटने वाली है। भाजपा मीडिया प्रभारी ने कहा कि सुजानपुर से चुनाव मैदान में उतरे भाजपा के प्रत्याशी ने कोई झूठा वादा जनता से नहीं किया था, उसके बावजूद बंपर मतदान यहां की जनता ने उनके पक्ष में किया है। यही कारण है कि आज विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार के जीतने से ज्यादा चुनाव मैदान हारने वाले भाजपा प्रत्याशी के चर्चे हैं और जब से चुनाव परिणाम घोषित हुआ है, उसके बाद जीते हुए उम्मीदवार मैदान से गायब हैं और चुनाव हारने के बावजूद भाजपा प्रत्याशी लगातार विधानसभा क्षेत्र के जनता लोगों के बीच में पहुंच रहे हैं।
दोनों भाजपा नेताओं ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की जनता विधायक द्वारा किए गए झूठे वादों का हिसाब लेने के लिए तैयार है और उनके विधानसभा क्षेत्र में लौटने का इंतजार किया जा रहा है। सुजानपुर विधायक ने अपनी कोंग्रेस सरकार बनते ही सुजानपुर की जनता को पहली सौगात के रूप में भाजपा सरकार द्वारा की गई घोषणाओं को रद्द करवा दिया। प्रदेश की कांग्रेस सरकार में अधिसूचना जारी करके सुजानपुर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के आह्वान पर खोले गए विद्युत डिवीजन और दो सबडिवीजन डिनोटिफाई कर दिए हैं, जो सही बात नहीं है। अगर कांग्रेस बदले की भावना के साथ काम करेगी, इसे भाजपा सहन नहीं करेगी। डीविजन और सब डिवीजन कार्यालय खोलने से सुजानपुर में व्यापार और अन्य कार्यों में गति मिलनी थी, उसी के मध्य नजर ये खोले गए थे, लेकिन सरकार ने अधिसूचना जारी करके इन्हें बंद करने के निर्देश दिए हैं, जो सही बात नहीं है, क्या यह हिमाचल में कांग्रेस सरकार लाने का सुजानपुर की जनता को तोहफा मिल रहा है। इस पर विधायक जवाब दें।
