रक्कड़ : कुहना से महिला लापता, मामला दर्ज, छानबीन में जुटी पुलिस
विनायक ठाकुर । रक्कड़
पुलिस थाना रक्कड़ के तहत जमना देवी (47) पत्नी राणू राम निवासी अलोह शनिवार को अचानक लापता हो गई है। इस संबंध में उनके पुत्र मनीष कुमार ने पुलिस थाना रक्कड़ में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनकी माता जमना देवी शनिवार शाम से लापता है। शिकायतकर्ता के मुताबिक जमना देवी लगभग चार-पांच दिन पहले अपने मायके कुहना में गई हुई थी। वहीं 15 अक्तूबर शनिवार को कुहना (चलाह) अपने मायके में करीब शाम चार के बाद वह घर पर नजर नहीं आई। उसके बाद परिजनों ने आस-पड़ोस रिश्तेदारों व जान पहचान के लोगों से भी पता किया, लेकिन उनके बारे में कोई भी सुराग नहीं मिल पाया। महिला के पुत्र मनीष कुमार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए पुलिस से उन्हें तलाशने की गुहार लगाई है। वहीं, इस बाबत रक्कड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन की जा रही है। पुलिस जानकारी के अनुसार महिला मानसिक रूप से बीमार रहती थी। डीएसपी ज्वालामुखी चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उम्मीद है कि जल्द ही महिला को बरामद कर लिया जाएगा।
