धर्मशाला : डाक विभाग द्वारा योग कार्यशाला का किया गया आयोजन
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला
अधीक्षक डाकघर धर्मशाला मंडल सुरेंद्र पाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण स्टेडियम, धर्मशाला में योगा पूर्वाभ्यास के रूप में विशेष कार्यक्रम के दौरान योग क्रियाओं तथा योग की महत्ता के संबंध में कार्यशाला का आयोजन किया गया। योग दिवस के पूर्वाभ्यास के लिए प्रातः 7.30 बजे से 8.30 बजे तक धर्मशाला डाक मंडल के सभी कार्यालयों में कार्यरत सभी कर्मचारियों द्वारा आनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों तरह से दिल्ली से आयोजित हुए मुख्य कार्यक्रम में भाग लिया गया। इस आयोजित योग कार्यशाला का उद्घाटन ऑनलाइन माध्यम से अश्वनी वैष्णव, संचार, रेलवे, इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्राद्योगिकी मंत्री, भारत सरकार तथा देवु सिंह चौहान, संचार राज्य मंत्री, भारत सरकार द्वारा दिल्ली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से किया गया।
धर्मशाला डाक मंडल के सभी कार्यालयों तथा भारतीय खेल प्राधिकरण स्टेडियम, धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सभी कर्मचारियों तथा समाज के गणमान्य व्यक्तियों को सीधे रूप से दिल्ली से प्रसारित हुए इस विशेष कार्यक्रम के साथ जोड़ा गया। इस दौरान विशेष रूप से आमंत्रित योग प्रशिक्षक श्री राजिंद्र द्वारा कार्यशाला में उपस्थित लोगों को योग की महता तथा योग क्रियाओं के बारे में मूलभूत जानकारी दी गई। इस पूरे आयोजन के बारे में अधिक जानकारी देते हुए धर्मशाला डाक मंडल के अधीक्षक सुरिंद्र पाल शर्मा द्वारा बताया गया कि वर्तमान में योग का महत्व प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में काफी अधिक बढ़ गया है। योग से जुड़कर प्रत्येक व्यक्ति अपने आप को शारीरिक तथा मानसिक रूप से निरोगी तथा बलवान बना सकता है।
धर्मशाला डाक मंडल के 368 कार्यालय में कार्यरत लगभग 998 कर्मचारियों द्वारा इस कार्यशाला में भाग लिया गया। कार्यशाला के दौरान अश्वनी वैष्णव, संचार, रेलवे, इलैक्ट्रॉनिक्स और सुचना प्रोद्याैगिकी मंत्री, भारत सरकार द्वारा ऑनलाइन माध्यम से जुड़े लोगो से सीधा संवाद भी किया गया।कार्यक्रम के अंत में डाक अधीक्षक सुरिंद्र पाल शर्मा द्वारा कार्यशाला में उपस्थित सभी लोगों तथा गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद किया गया तथा जानकारी दी गई कि 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस के दौरान भी डाक विभाग द्वारा इसी उत्साह तथा उमंग के साथ योग प्रसार व प्रचार के लिए कार्य किया जाएगा।
