धर्मशाला : पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में युकां ने किया प्रदर्शन उग्र
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला
पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में युकां का प्रदर्शन उग्र होता जा रहा है। सोमवार को युकां जिलाध्यक्ष पंकज कुमार पंकु के नेतृत्व में युकां पदाधिकारियों ने डीसी कार्यालय के बाहर काले पटटे बांध कर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डीजीपी को पद से हटाने की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष का कहना है कि पिछले सात दिन से युकां पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने हेतू संघर्षरत है, लेकिन इस दौरान न तो सरकार और न ही प्रशासन की ओर से युकां की सुध लेना गवारा नहीं समझा गया। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश की जयराम सरकार युवा विरोधी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में विभाग व सरकार की मिलीभगत हो सकती है। शायद इसलिए सरकार डीजीपी को पद से नहीं हटा रही। पंकज कुमार ने कहा कि कभी जेओएआईटी का भी पेपर लीक हुआ। दो वर्ष पहले भी पुलिस का पेपर लीक हुआ था, उस दौरान भी सरकार ने कोई सबक नहीं लिया और पेपर लीक होने से मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को निराशा का सामना करना पड़ रहा है। युकां जिलाध्यक्ष ने मांग उठाई कि पेपर लीक मामले के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
उधर, युकां के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मनमोहन कटोच ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। हर साल कोई न कोई पेपर लीक होने के मामले उजागर हो रहे हैं, लेकिन सरकार अधिकारियों को बचाने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि युकां ने युवा हित में आवाज उठाई है तथा सरकार दोषियों पर कार्रवाई करे। अन्यथा युकां प्रदेश भर में इससे भी उग्र आंदोलन छेड़ने को मजबूर होगी। इस अवसर पर युकां के वर्तमान व पूर्व पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
