हमीरपुर : बच्चों को नशे से बचाएं शिक्षक और अभिभावक- इंद्र दत्त लखनपाल
विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बणी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया तथा मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कदम उठा रही है। प्रदेश सरकार के इन प्रयासों के जल्द ही अच्छे परिणाम सामने आएंगे और हिमाचल में एक आदर्श शैक्षणिक ढांचा विकसित होगा। इंद्र दत्त लखनपाल ने बताया कि हाल ही में आयोजित विधायक प्राथमिकताओं की बैठक में भी इस पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया और मुख्यमंत्री ने तत्काल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को प्रदेश के सभी स्कूलों में सभी विद्यार्थियों को डैस्क उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र के शेष स्कूलों को भी जल्द ही डैस्क उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में नशीले पदार्थों का सेवन और तस्करी बहुत बड़ी समस्या बन चुकी है। विशेषकर, हमारी युवा पीढ़ी तेजी से इसकी चपेट में आ रही है। इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए प्रत्येक नागरिक का सक्रिय योगदान बहुत जरूरी है। इंद्र दत्त लखनपाल ने शिक्षकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे हमेशा सतर्कता बरतें तथा खेलकूद, एनसीसी, एनएसएस, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दें। इस अवसर पर इंद्र दत्त लखनपाल ने स्कूल में स्टेज के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये और बास्केटबाल कोर्ट के निर्माण के लिए दस लाख रुपये का प्रावधान करने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को ग्यारह हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
