हमीरपुर : बड़सर के सलौणी गाँव का सेना का जवान शहीद
उपमंडल बड़सर की करेर पंचायत के सलौणी गाँव के सेना के जवान की शहादत का समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीएम बड़सर शशि पाल शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। मिली जानकारी के अनुसार राज कुमार (40) सुपुत्र जसवंत सिंह निवासी सलौणी सेना में जम्मू में पोस्टिंग पर तैनात था। सेना के काम से दो दिन पूर्व उसे रुड़की (उत्तराखंड ) भेजा गया था, जहाँ रास्ते में उसकी ट्रेन दुर्घटना हो गई थी। ऋषिकेश के अस्पताल में दो दिन तक जिंदगी से संघर्ष करते हुए वीरवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। शहीद राजकुमार अपने माता पिता का एकलौता बेटा था। राजकुमार विवाहित था और वह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चे छोड़ गया है। उसकी एक छोटी बहन भी है, जो विवाहित हैं। राजकुमार के पिता बिजली बोर्ड से रिटायर हुए है। राजकुमार 2007-08 में सेना में भर्ती हुआ था और यह उसका रिटायरमेंट को आखिरी साल बचा था। खबर लिखे जाने तक राज कुमार के माता -पिता, पत्नी व बच्चों को अभी किसी ने राजकुमार की शहादत की खबर नहीं दी है, और सारा परिवार सामान्य कामकाज मे व्यस्त है। एसडीएम बड़सर शशिपाल शर्मा ने कहा कि शहीद राजकुमार का देहरादून में पोस्टमार्टम किया जा रहा है और देर रात पार्थिव देह उनके घर पहुँचने का अनुमान है।
