दाड़लाघाट : देश भर में मनाया जा रहा आजादी का अमृत महोत्सव
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर देश भर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित की जा रही विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के क्रम में आज उपतहसील दाड़लाघाट के विभिन्न स्कूलों में ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को आजादी के अमृत महोत्सव व हर घर तिरंगा अभियान के बारे में जागरूक किया गया। वहीं, विद्यालयों में तिरंगा यात्रा का आयोजन भी किया। सब उपमंडल के राजकीय उच्च विद्यालय बुघार में भी विद्यार्थियों ने तिरंगे के साथ भारत माता की जय एव वंदे मातरम के नारे लगाकर गांव चाखड़ से बुघार तक रैली निकाली। प्रधानाचार्य रेखा राठौर ने सभी से आग्रह किया कि 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। सरस्वती विद्या मंदिर दाड़लाघाट में भी छात्रों द्वारा विद्यालय से दाड़ला चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली। विद्यालय प्रधानाचार्य गीता राम ने बताया कि इस यात्रा में विद्यालय के कक्षा पांच से जमा दो के छात्रों ने भाग लिया। वहीं, राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में भी एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार ने बताया कि आजादी विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता व नारा लेखन प्रतियोगिता भी करवाई गई है, जिसमें महाविद्यालय के लगभग 60 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। मनोज कुमार ने बताया कि विद्यालय के छात्रों द्वारा एक रैली भी निकाली गई। उधर,राजकीय उच्च विद्यालय हनुमान बडोग में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।यह रैली स्कूल परिसर से हनुमान मंदिर तक निकाली गई। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में भी प्रधानाचार्य महेंद्र पाल कौंडल की अध्यक्षता में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर सभी अध्यापकों व छात्रों ने प्रदेश व देश को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिज्ञा भी ली।
इस दौरान छात्रों ने हर घर तिरंगा लगाने के लिए स्थानीय लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्कूल प्रांगण से धुंदन बाजार तक विद्यालय के एनसीसी, एनएसएस व इको क्लब की इकाई ने रैली निकाली, जबकि राजकीय उच्च विद्यालय कशलोग में भी कार्यक्रम का आयोजन हुआ।इसके अतिरिक्त उप तहसील दाड़लाघाट के विभिन्न जगहों पर आजादी के अम्रत महोत्सव पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।