डाडासीबा : पंचायत लग में एक माह से पानी की सप्लाई न मिलने से लोगों में रोष
विनायक ठाकुर। डाडासीबा
डाडासीबा के अंतर्गत पंचायत लग के गांव स्वांता में वार्ड-1 के 5 परिबार विगत करीब एक माह से लगातार पानी के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। वहीं, परेशानी से जूझ रहे लोगों ने शुक्रवार को जल शक्ति विभाग के खिलाफ खाली बर्तन लेकर रोष प्रकट किया। ग्रामीणों का कहना है कि हमारे क्षेत्र में पानी का सकंट इस कद्र गहरा चुका है कि पानी के जुगाड़ हेतु लोग यहां-वहां घुम रहे हैं। वहीं मवेशियाें के लिए भी पानी का इंतजाम बड़ी मुश्किल से किया जा रहा है, जिससे हर कोई जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली को कोसता हुआ नजर आ रहा है। लाेगाें का कहना है कि माना गर्मियां शुरू हाे गई हैं। उन्होंने बताया पहले जब सुबह पानी आता था, तो एक या दो बाल्टी ही पानी आता था, लेकिन पिछले एक महीने से पानी नहीं आया। स्थानीय ग्रामीणों रामकृष्ण, रेनू, मनोरमा देवी ,रामकली, रंजू वाला व मंजू बाला ने विभागीय प्रशासन से मांग की है कि तुरंत स्थिति का जायजा लेते हुए समस्या हल की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि हमने पानी भरने के लिए टैंक बनाए थे। अगर यह टैंक हमने बारिश के पानी से नहीं भरे होते तो हमें अपने पशुओं को पानी पिलाने के लिए बहुत ही मुश्किलों का सामना करना पड़ता। विभाग को चाहिए शीघ्र ही पेयजल की सप्लाई बहाल की जाए, ताकी पानी के लिए भटकना ना पड़े।
इस संबंध में पंचायत उप प्रधान सुरेश कुमार से बात की गई, तो उन्होंने बताया इन परिवारों को पीने के पानी की दिक्कत है इसके बारे में मुझे जानकारी नहीं थी। जल शक्ति विभाग को चाहिए शीघ्र ही इन्हें पानी की व्यवस्था की जाए और पानी क्यों नहीं आ रहा इस बारे भी बताया जाए, ताकि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भटकना न पड़े।
इस बारे में जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता राकेश कुमार डाडासीबा से बात की तो उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को शीघ्र ही पानी की आपूर्ति कर दी जाएगी, ताकि ग्रामीणों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
