कांगड़ा : पं. सुखराम के निधन पर ब्राह्मण कल्याण परिषद ने दी श्रद्धांजलि
मनाेज कुमार। कांगड़ा
ब्राह्मण कल्याण परिषद हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंडित वेद प्रकाश शर्मा व समस्त सदस्यों ने शोक सभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प. सुखराम शर्मा के निधन पर दुःख जता भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले पहाड़ी राज्य हिमाचल में सूचना-क्रांति के जनक के रूप में प्रदेश को आगे ले जाने में दिवंगत पंडित सुखराम के अतुलनीय योगदान को हिमाचल निवासी हमेशा याद रखेंगे। हिमाचल के विकास में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले पंडितजी के साथ उनके बड़े अटूट व मजबूत रिश्ते रहे हैं तथा उनके निधन से आम जनमानस के साथ विशेषकर ब्राह्मण समुदाय को भारी क्षति पहुंची है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम वे शख्सियत रहे, जो इस धरती से विदा तो हो गए, परंतु वास्तव में वे लोगों के दिलों-दिमाग में हमेशा जीवित रहेंगे। भगवान दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके परिजनों को इस विकट समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। इस दौरान गोत्तम शर्मा व्यथित, अजय पंकल, शरण दास शर्मा, अनील शर्मा, रविकांत, सुशील शीलू, प्रीतम भारती, राजेश शर्मा नादौन, सुनील पाधा इंदौरा, अनित्य, वीणा व संतोष शर्मा सहित अन्य सदस्य माैजूद रहे।
