केेंद्र सरकार सेब बागवानों की कमर तोड़ने पर आमादा: प्रतिभा
-अमेरिका के सोब पर आयात शुल्क कम करने पर जताई हैरानी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह प्रदेश के सेब बागवानों की कमर तोड़ने पर आमादा है। उन्होंने अमेरिका के वॉशिंगटन सेब के आयात शुल्क को कम करने पर हैरानी जताते हुए कहा है कि यह निर्णय पूरी तरह सेब बागवानी विरोधी है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावों के दौरान प्रदेश के बागवानों को भरोसा दिलाया था कि भाजपा उनके हितों की पूरी रक्षा करेगी,पूरी तरह खोखला साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विदेशी सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने व कृत्रिम जूस में 5 प्रतिशत सेब जूस मिक्स करने का जो आश्वासन दिया था, वह भी हवा हवाई साबित हुआ।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वदेशी का राग अलापते है तो दूसरी तरफ विदेशी सेब के निर्यात को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेब बागबानी से एक बहुत बड़ा वर्ग जुड़ा हैं। लगभग 6 से 7 हजार करोड़ की आर्थिकी के इस कारोबार से देश व हिमाचल प्रदेश के लाखों लोग प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से जुड़े हैं। इसलिए केंद्र की मोदी सरकार को देश व प्रदेश हित मे ही कोई फैसला लेना चाहिए। उन्होंने विदेशी सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने की गुहार लगाते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री को प्रदेश के लोगों के साथ किये अपने वादे को पूरा करना चाहिए।
