मुख्यमंत्री हमीरपुर में करेंगे करोड़ों की परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू 6 से 10 जुलाई तक जिला हमीरपुर का दौरा करेंगे और इस अवसर पर जनता की शिकायतें सुनने के अलावा जिले में विभिन्न महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने इस वर्ष मई माह के दौरान कांगड़ा जिला का 10 दिवसीय दौरा किया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नादौन में 6.54 करोड़ रुपये की लागत के जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह और 17.22 करोड़ रुपए के बहुउद्देशीय हॉल का शिलान्यास करेंगे। वह नादौन में 6 जुलाई को मिनी सचिवालय परिसर का लोकार्पण भी करेंगे। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री 7 जुलाई को जल जीवन मिशन के तहत 24 करोड़ रुपये के ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति भवन, धनेटा का शिलान्यास करेंगे। वह अखिल भारतीय राफ्टिंग मैराथन के शुरुआती बिंदु का निरीक्षण करने के अलावा मौलाघाट में इलेक्ट्रिक बस डिपो और हेलीपैड स्थल का भी दौरा करेंगे।
