ज्वालामुखी : कॉलेज शिक्षक नहीं करेंगे उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन
विनायक ठाकुर। ज्वालामुखी
राजकीय महाविद्यालय ज्वालाजी में हिमाचल प्रदेश कॉलेज प्राध्यापक संगठन की स्थानीय इकाई की बैठक में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के संशोधित सातवें वेतनमानों को लागू करने के लिए इकाई ने स्नातक स्तर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का बहिष्कार किया। इकाई प्रधान डॉ. जसपाल राणा, सचिव प्रो. यश पाल ने बताया कि बैठक में यूजीसी के वेतनमान को लागू न करने को लेकर रोष प्रकट किया गया तथा सरकार से यूजीसी वेतनमान को अविलंब लागू करने का आग्रह किया। संघ का कहना है कि विवि और कॉलेज आचार्यों को छोड़ कर अन्य सभी कर्मचारियों को 2016 से देय वेतनमान दे दिया गया है, परंतु अभी तक प्रदेश में यूजीसी का सातवां वेतनमान नहीं दिया है, जबकि देश के सभी राज्यों में पंजाब और हिमाचल को छोड़कर इसे लागू कर दिया गया है।
उन्होंने सरकार को चेताया कि यदि सरकार ने सातवें वेतनमान को शीघ्र लागू नहीं किया, तो आने वाले दिनों में कॉलेज और यूनिवर्सिटी स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। बैठक के बाद प्राध्यापक संघ ने अपनी मांगों को लेकर कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार के माध्यम से मुख्य सचिव शिक्षा, कुलपति हि. प्र. शिमला और निदेशक उच्च शिक्षा हि. प्र. को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान डॉ. सीमा शर्मा, प्रो. डॉ. पूनम शर्मा, शैलजा सूद, डॉ. शिवानी शर्मा, डॉ. आरती शर्मा, प्रो. कुलदीप कुमार व प्रो. मुक्ता मणि सहित संघ के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
