धर्मशाला : मुख्यमंत्री से मिला अनुबंध नियमित कर्मचारी संग़ठन
मंगलवार हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष मुनीष गर्ग के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से धर्मशाला सर्किट हाउस में नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता की मांग के संबंध में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मजबूती के साथ अपनी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। कर्मचारियों ने कहा कि पिछले चार सालों से प्रदेश के हर कोने से वरिष्ठता की मांग उठाई गई, लेकिन अभी तक इसे पूरा नहीं किया गया, जिसके कारण प्रदेश के लगभग 70 हजार कर्मचारियों के साथ अन्याय हो रहा है। कर्मचारियों का कहना है जब प्रदेश सरकार ने हर कर्मचारी वर्ग की मांगों को सुना है, तो फिर उनकी मांगों को क्यों अनसुना किया जा रहा है?
हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग की है कि सरकार भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के अंतर्गत नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता देने के वायदे को पूरा करे। सरकार कर्मचारी के सेवा की गणना उनके नियमितीकरण से कर रही है,न कि उनकी प्रथम नियुक्ति से। कमीशन और बैच के आधार पर नियुक्त यह कर्मचारी सभी नियमों और सेवा शर्तों को पूरा करके नियुक्त हुए हैं। इसलिए इनकी सर्विसेज को प्रोमोशन और अन्य सेवालाभों के लिए नियुक्ति की तिथि से गिना जाए, न कि नियमितीकरण की तिथि से। कर्मचारियों ने कहा कि उनका चयन भर्ती एवम पदोनती नियमों के अनुसार हुआ है इसलिए उनके अनुबंध की सेवा को उनके कुल सेवा काल में जोड़ा जाना तर्क संगत है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष इस मांग को 50 से अधिक बार उठाया जा चुका है। मुख्यमंत्री खुद भी कह चुके हैं कि आपकी यह मांग जायज है। जेसीसी की बैठक में भी इस मांग पर कमेटी गठन की बात कही गयी,लेकिन उसपर भी कोई कमेटी नही बनी। जेसीसी में अधिकांश मांगो पर कार्यवाही हुई है, लेकिन वरिष्ठता के लिए कमेटी के गठन तक नही हुआ है जिससे कर्मचारियों में निराशा है। नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता ना मिलने से वरिष्ठता लिस्ट में विसंगतियां आई हैं। जिन्हें डेट ऑफ अपॉइंटमेंट से वरिष्ठता देकर ही दूर किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की मांगों को ध्यान से सुना और उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया।
