जवाली : सीएम की रैली में स्कूली बच्चाें से जुटाई जा रही भीड़-ब्लॉक कांग्रेस
राजेश कतनौरिया। जवाली
क्षेत्र के अधीन कोटला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की रैली में भीड़ जुटाने के लिए शहीद सुरिंदर सिंह ओद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जवाली के बच्चों को ले जाने पर जवाली कांग्रेस ने उग्र रुख अख्तियार किया। मंगलवार को ब्लॉक कांग्रेस महासचिव सुरिंदर छिंदा, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष मनमोहन सिंह, कांग्रेसी कार्यकर्ता सुखवीर भाटिया, शशि चौधरी, अमित चौधरी, कर्ण मेहरा इत्यादि ने आईटीआई में पहुंचकर जायजा लिया, तो कोई भी बच्चा व स्टाफ उपलब्ध नहीं पाया गया। मात्र अधीक्षक ही कार्यरत पाई गई। उन्होंने आईटीआई के बाहर जयराम सरकार मुर्दाबाद, भाजपा सरकार मुर्दाबाद, आईटीआई प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।
सुरिंदर छिंदा व मनमोहन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की रैली में आईटीआई के बच्चों को ले जाना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे में अगर कोई हादसा हो जाता है, तो उसका जिम्मेदार कौन होगा, बच्चों को वहां ले जाने की अनुमति किसने दी, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। इस बारे में आईटीआई प्रिंसिपल चैन सिंह से बात हुई, तो उन्होंने कहा कि आईटीआई के अतिरिक्त भवन का शिलान्यास है, जिस कारण हम बच्चों को लेकर कोटला में आए हैं।
