देहरा : केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में बी.एड. छात्रों के लिए विशिष्ट व्याख्यान का हुआ आयोजित
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेदव्यास परिसर बलाहर में बी.एड. और पीएचडी छात्रों के लिए ‘संस्कृत में अनुसन्धान प्रकल्प’ विषय पर एक विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों को आधुनिक शोध पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नई दिल्ली स्थित विश्वविद्यालय मुख्यालय से आईं संगणकीय भाषाविज्ञान विभाग की सहायकाचार्या डॉ. प्रीति शुक्ला ने शिरकत की।
व्याख्यान के दौरान छात्रों को शोधगंगा, शोधसिन्धु, शोधशुद्धी, शोधचक्र औरआईआरएनएस जैसे महत्वपूर्ण शोध प्लेटफॉर्म्स के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही क्रियात्मक, बहुविषयक और अन्तर्विषयक अनुसन्धान की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला गया, जिससे छात्रों को भविष्य के शोध कार्यों के लिए नई दिशा मिली।
कार्यक्रम में बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. सत्यदेव, कार्यक्रम संयोजिका डॉ. प्रतिज्ञा आर्या सहित कई प्राध्यापक और शोध छात्र उपस्थित रहे।
