देहरा : वेतन विसंगति के मुद्दे को लेकर मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल
विनायक ठाकुर/देहरा
शिक्षा खंड रक्कड़ की कार्यकारिणी महासचिव मनोहर लाल गांधी की अध्यक्षता में रविवार के दिन मंत्री विक्रम ठाकुर से शांतला में मिले। 2020 में प्राथमिक सहायक अध्यापकों से नियमित हुए कनिष्ठ बुनियादी अध्यापकों की वेतन विसंगति के मुद्दे को जोरदार और सौहार्दपूर्ण माहौल में तर्कसंगत ढंग से उठाया। खंड कार्यकारिणी के लगभग 20 पदाधिकारियों ने भाग लिया। विक्रम ठाकुर ने फाईल लेने के बाद आश्वासन दिया कि जल्दी ही प्रदेश सरकार प्रोबेशन में सेवाएं दे रहे पैट से नियमित हुए जेबीटी अध्यापकों की वेतन विसंगति को दूर किया जाएगा। वेतन विसंगति पर बात रखते हुए खंड महासचिव गांधी जी ने कहा कि प्रोबेशन पर सेवारत होने के चलते जेबीटी वर्ग में इस वर्ग को पे रिवीजन का सबसे ज्यादा खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। वित्त विभाग द्वारा सुझाए गए तीनों विकल्पों से जहां प्रदेश के सभी कर्मचारियों को पे कमीशन से फायदा हो रहा है, तो वहीं दूसरी ओर एक माह पूर्व प्रोबेशन पूरा कर चुके अध्यापकों के मूल वेतन में 5000 रुपए का अंतर आने से भारी वेतन विसंगति का खामियाजा इस वर्ग को भुगतना पड़ रहा है। हिमाचल प्रदेश में पंजाब की वेतनमान की सिफारिशें लागू करने के बावजूद वेतनमान में इतना अंतर इसलिए आ रहा है, क्योंकि पंजाब में प्रोबेशन जैसी व्यवस्था नहीं है तथा अक्तूबर 2011 से उनके समकक्ष अध्यापकों को हायर ग्रेड पे मिलता है, जबकि हिमाचल में दो साल की नियमित सेवा के बाद ही ऐसी व्यवस्था की जाती है। अगस्त 2022 में 15 परसेंट के विकल्प मिलने से जहां इन अध्यापकों का मूल वेतन 36500 हो जाएगा, तो वहीं वर्तमान में उनके लिए उपलब्ध मात्र 2.59 के विकल्प से इनका मूलवेतन 31500 रुपए ही होगा। 17 सालों तक अस्थायी सेवाएं देने के बाद नियमित हुए इन अध्यापकों की सेवाएं अब बहुत ही सीमित बची हुई हैं। संघ ने सरकार व वित्त विभाग से मांग की है कि इन्हें नियुक्ति के समय से हायर ग्रेड पे पर 2.25 का विकल्प या फिर प्रोबेशन पूर्ण हो जाने के उपरांत 15 प्रतिशत का विकल्प मुहैया करवाया जाए, ताकि इन अध्यापकों को भी पे कमीशन का फायदा मिल सके। डैलागेशन में संघ के महासचिव मनोहर लाल गांधी ,कोषाध्यक्ष दीपक शर्मा, वित्तीय मामलों के जानकार प्रदीप सिंह ,एनपीएस से जुड़े मुकेश, जगजीवन, भगवान दास, भूतपूर्व प्राथमिक सहायक अध्यापक खंड प्रधान अजीव सिंह , मुख्य सलाहकार अक्षय कुमार, जीवन लाल, सुमन तथा शमा राणा आदि भी उपस्थित रहे ।
