देहरा: वार्ड-2 के ब्रजेश्वर साकी मैदान से नामांकन, उठाए विकास के अहम मुद्दे
नगर परिषद देहरा के चुनावों में वॉर्ड नंबर 2 अमरपुरी से ब्रजेश्वर साकी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। नामांकन से क्षेत्र में चुनावी माहौल गरमा गया है। ब्रजेश्वर साकी देहरा के जाने-माने पत्रकार भी हैं और लंबे समय से सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उन्होंने नगर परिषद से जुड़े कई अहम मुद्दों को बार-बार उजागर किया है। साकी ने नगर परिषद देहरा के पुराने और जर्जर भवन की स्थिति, बस अड्डे की बदहाल हालत और शहर में पार्किंग जैसी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
इसके अलावा उन्होंने टुंडक क्षेत्र की उपेक्षा का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि यह इलाका आज भी कई दशकों पीछे है और इसे मुख्यधारा के विकास से जोड़ना बेहद जरूरी है। उनका कहना है कि संतुलित विकास के लिए हर क्षेत्र तक सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
नामांकन के बाद साकी ने कहा कि उनका उद्देश्य वॉर्ड और पूरे देहरा शहर का समग्र विकास करना है। उन्होंने साफ-सफाई, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, बस अड्डे के सुधार, पार्किंग व्यवस्था और उपेक्षित क्षेत्रों के विकास को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रशासन द्वारा सभी औपचारिकताएं पूरी करवाई गईं। वॉर्ड नंबर 2 अमरपुरी में इस बार मुकाबला रोचक होने की संभावना जताई जा रही है, वहीं अन्य प्रत्याशी भी मैदान में हैं, जिससे चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज हो रही हैं।
