देहरा: मिड-डे मील वर्कर की ह**त्या मामले में ABVP ने किया जोरदार धरना-प्रदर्शन
देहरा उपमंडल के चनौर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील वर्कर की दिन-दहाड़े बच्चों के सामने हत्या के विरोध में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला देहरा द्वारा एसडीएम कार्यालय के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। जिस विद्यालय में बच्चे शिक्षा और सुरक्षा की भावना लेकर आते हैं, वहां इस प्रकार की जघन्य वारदात होना प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
धरने में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। जिला संयोजक भागमल ने कहा कि—“जब विद्यालय परिसर में खुलेआम हत्या हो सकती है तो सरकार की कानून-व्यवस्था पर भरोसा कैसे किया जाए? बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़े प्रभाव की जिम्मेदारी कौन लेगा?” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और प्रशासन केवल घटना के बाद औपचारिक कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेता है।
