धर्मशाला: नवजीवन फाउंडेशन ने जन सेवा संकल्प के रूप में मनाया अनंत अंबानी का जन्मदिवस
धर्मशाला के रक्कड़ क्षेत्र में नवजीवन फाउंडेशन एनजीओ द्वारा देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी का जन्मदिन सामाजिक सेवा, सहयोग और मानवता के संदेश के साथ बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस आयोजन में स्थानीय लोगों, युवाओं और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधायक ने युवाओं को टी-शर्ट्स भेंट कर अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और सेवा भाव को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन नवजीवन फाउंडेशन की अध्यक्षा शकुन के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि संस्था समाज के हर वर्ग के लिए कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रहेंगे। अन्नपूर्णा सेवा के अंतर्गत सभी के लिए पारंपरिक भोजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। सराह गौशाला में सभी पशुओं के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई, जिससे गौ सेवा का भी संदेश दिया गया।
इसके अतिरिक्त, दाड़ी क्षेत्र में वृद्धाश्रम के वृद्धजनों को फल वितरित किए गए तथा उनकी मांग के अनुसार उनके लिए आरामदायक झूले एवं फ्लाई ट्रैप लगाने की घोषणा भी की गई, जिससे उन्हें बेहतर सुविधा और स्वच्छ वातावरण मिल सके।
