ज्वालामुखी : महंगाई के मुद्दे से ध्यान भटका कर कोरी घोषणाएं कर रही है बीजेपी : संजय रत्न
विनायक ठाकुर। ज्वालामुखी
चुनाव सिर पर आते ही बीजेपी फिर जनता से जनादेश ठगने के मनसूबे बनाने लगी है। यह बात ज्वालामुखी के पूर्व विधायक एवम प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ प्रवक्ता संजय रत्न ने यहां जारी प्रेस बयान में कही है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के आम नागरिकों के लिए मौजूदा स्थिति में महंगाई सबसे बड़ा व अहम मुद्दा है, लेकिन बीजेपी इस मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए कोरी घोषणाओं में लगी है। संजय रत्न ने कहा कि इस वक्त बीजेपी से सरकार होने के नाते जो जनता चाह रही है, उस महंगाई को नजरअंदाज करते हुए बीजेपी उन घोषणाओं में लगी है, जिसकी जनता ने कभी मांग ही नहीं की। यानी जनता जो मांग रही है, उस पर सरकार कोई बात नहीं सुनना चाह रही है, लेकिन जनता का इन घोषणाओं से कोई मकसद व मतलब नहीं है, उन बिन मांगी घोषणाओं को करके बीजेपी लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
आसमान छूती महंगाई के दौर में गृहणियों को रसोई चलाना मुश्किल हो गई है, जो लोग रोज कमाते हैं रोज खाते हैं उनकी रसोई में फाकाकशी की नौबत आ गई है, लेकिन बीजेपी महंगाई कम करने की बजाय किसी न किसी बहाने महंगाई को लगातार बढ़ा रही है। संजय रत्न ने कहा कि बेतहाशा महंगे हुए डीजल-पेट्रोल के कारण हर चीज के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुके हैं। आलम यह है कि अब तो बाजार में काफी चीजें ऐसी भी हैं, जिनका किराया उन चीजों की कीमत से दोगुना हो चुका है। ऐेसे में महंगाई बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन जिस सरकार की महंगाई को कम करने की जवाबदेही व जिम्मेदारी है, वह उन घोषणाओं में लगी है, जिनकी जनता ने कभी मांग ही नहीं की है।
संजय रत्न ने कहा कि वोट ठगने की राजनीति में माहिर बीजेपी का सारा फोक्स महज किसी न किसी ढंग से वोट ठगने में फोक्स है, जबकि सरकार की जो जिम्मेदारियां होती हैं, उनसे बीजेपी लगातार बचती आ रही है। जनता क्या चाह रही है इनको इस बात से कोई मतलब नहीं है। यह तो सिर्फ मन की बात सुनाने व मन मुताबिक घोषणाएं करके जनता को गुमराह करने के प्रपंच रचने में लगी है। संजय रत्न ने कहा कि यह पूरी तरह स्पष्ट और साबित हो चुका है कि या तो सरकार के वीजन में कमी है या सरकार देश में पूंजीवाद को स्थापित करना चाह रही है। प्रदेश कैसे आगे बढ़े, देश कैसे मजबूत हो, कैसे नागरिकों को महंगाई की मार से राहत मिले इन मुद्दों पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। संजय रत्न ने कहा कि अगर बीजेपी को गलती देकर एक मौका और मिलता है, तो देश श्रीलंका की तरह कंगाली के दौर में जा सकता है।
