ज्वालामुखी : विज्ञान मंथन में दिव्यांश धीमान ने झटका पहला स्थान, पंचायत ने किया सम्मानित
विनायक ठाकुर।ज्वालामुखी
ज्वालामुखी उपमंडल के गांव कथोग के दिव्यांश धीमान को विद्यार्थी विज्ञान मंथन में राज्य में पहला स्थान हासिल करने पर महामहिम राज्यपाल हिमाचल प्रदेश राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने एन आई टी हमीरपुर में प्रथम पुरस्कार की राशि, स्मृति चिन्ह और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। अब वह आईआईटी वाराणसी में 28 और 29 मई को विद्यार्थी विज्ञान मंथन के नेशनल कैंप में भाग लेगा। वहीं, घर पहुंचने पर पंचायत बदोली पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने दिव्यांश को सम्मानित किया। पंचायत के उप-प्रधान नितिन ने बताया कि दिव्यांश सातवीं कक्षा का छात्र है और उसकी विज्ञान में विशेष रुचि है। दिव्यांश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों को दिया है, जिनके मार्गदर्शन से ये सफलता हासिल की है।
विज्ञान भारती हिमाचल प्रदेश विज्ञान एवं प्राेद्याेगिकी विभाग भारत सरकार द्वारा सयुक्त रूप से स्कूली बच्चों में विज्ञान विषय में गहरी रुचि बढ़ाने के लिए विद्यार्थी विज्ञान मंथन का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। उसके इस प्रदर्शन से कथोग का नाम पूरे प्रदेश और राज्य में रोशन हुआ है। दिव्यांश के पिता राबमा पाठशाला बाल ज्वालामुखी में प्रवक्ता और माता गृहणी है।दिव्यांश के परिजन उसकी इस सफलता पर फूले नहीं समा रहे हैं और नेशनल में उसके अच्छे प्रदर्शन की कामना कर रहे हैं। इस दौरान बदोली पंचायत प्रधान रीता देवी, उप प्रधान नितिन कुमार व वार्ड पंच कमलेश कुमारी इत्यादि उपस्थित रहे।
