मंडी : डॉ. राजीव सैजल ने किए करसोग में स्वास्थ्य संस्थानों के उद्घाटन व शिलान्यास
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने आज करसोग विधानसभा क्षेत्र में 1.88 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित स्वास्थ्य संस्थानों के उद्घाटन तथा शिलान्यास किए। उन्होंने 1.45 करोड़ की लागत से माहुंनाग में बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास, जेड में 21.46 लाख रुपए की लागत से निर्मित राजकीय आयुर्वैदिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन तथा मांहूनाग में ही 21.44 लाख की लागत से निर्मित राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र का उदघाटन किया। इसके बाद डॉ. राजीव सैजल ने मूल माहूंनाग के समक्ष शीश नवाजा तथा पांच दिवसीय जिला स्तरीय मूल माहूंनाग मेला का विधिवत समापन किया। इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. सैजल ने कहा कि मेले एवं त्यौहार हमारी सांस्कृति धरोहर है और इन्हें सहज कर रखना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। हमारे प्रदेश में मनाए जाने वाले मेले एवं त्यौहार जहां संस्कृति का संरक्षण सुनिश्चित बनाते हैं, वहीं मेले प्राचीन समय से ही मिलने-जुलने का केन्द्र रहे हैं। उन्होंने जैड में छह महिला मंडलों को 10 हजार रूपये प्रत्येक तथा मिडिल स्कूल मैहरन की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए 10 हजार ऐच्छिक निधी से देने की घोषणा की। इस अवसर पर मंडलाध्यक्ष कुंदन लाल ठाकुर, बीडीसी चेयरमैन भास्करानन्द, जिला परिषद सदस्य चेतन गुलेरिया, मेला कमेटी अध्यक्ष व प्रधान मांहूनाग अमीं चंद, मंदिर कमेटी अध्यक्ष संत राम, एसडीएम सुरेन्द्र ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. देवेन्द्र शर्मा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राजेश नरयाल सहित विभिन्न पंचायतों के पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
